Saturday, March 5, 2011

जरा सोचिए


जरा सोचिए......जी हां वाकई........ये महज टैग नहीं......... बल्कि आज अवाम को इसकी जरूरत है। क्वात्रोकी के खिलाफ केस बंद करने का फैसला कोर्ट का है। इसलिए उस पर कमेंट्स करना बेहतर नहीं। लेकिन मुद्दों पर सवाल खड़ा करने का हक हर भारतीय को है। सवाल सीधा सा है.... 80 करोड़ के घूस का मसला..... जांच के दौरान पच्चीस साल में 250 करोड़ का खर्च..... नतीजा सिफर, ऐसा क्यों? सीबीआई के पूर्व अधिकारी जोगिंदर सिंह ने एक टीवी चैनल पर बेबाक अंदाज में सीबीआई पर सियासी अंकुश की बात कही। हालात बेहतर नहीं, ये कहना बेमायने है। अब तो कहना होगा, कि हालात भयावह है। भारतीय हुक्मरान.....मिस्त्र और लीबिया से सबक लेने को तैयार नहीं। शायद उन्हें भरोसा है, भारतीय जनता के सब्र पर। तभी तो.........दशक दर दशक , घोटालों की फेहरिश्त लंबी होती जा रही है। भ्रष्ट तंत्र नंगा होता जा रहा है। लेकिन शर्मसार कोई नहीं। ना तो हुक्मरान, ना अवाम। लोकतंत्र के पहरुआ होने का दावा करने वाले देश में विपक्ष भी  कारगर नहीं। इसके पीछे भी खास वजह है। एक तो जनता की वैचारिक नपुंसकता और दूसरी हमाम में सभी नंगे है सरीखा सच। सोचने की जरूरत वैचारिक नपुंसकता मिटाने के लिए जरूरी है। क्रांति की नींव वैचारिक मंथन से ही पड़ती है। आखिर कब तक भ्रष्टाचार और जांच के साथ जनता के साथ लूट खसोट अंजाम दिया जाएगा? और इसका अंत कैसे होगा ? जरा सोचिए.......  आखिर देश आपका है...... सवाल आपका है...........


Friday, February 25, 2011

TV-TRP-TAM



टेलीविजन रेटिंग प्वाइंट(TRP)के खेल पर टेलीविजन ऑडिएंस मेजरमेंट (TAM) का कब्जा है। इसकी हकीकत 'खोदा पहाड़ निकली चुहिया'की कहावत से जुदा नहीं है। लेकिन पांच से दस हजार करोड़ रुपए की टीवी इंडस्ट्री का नसीब इससे ही तय होता है। दरअसल TAM एक सर्वे एजेंसी है, जो पीपल मीटर की सहायता से सैंपल कलेक्शन का काम करती है। इसके लिए चौदह राज्यों के कई शहरों में पीपल मीटर लगाए गए हैं। पीपल मीटर ज्यादातर उच्च मध्यमवर्गीय लोगों के इलाके में मौजूद हैं। जिनके सहारे महज चंद हजार लोगों की पसंद या नापसंद की जानकारी मिलती है। यानि बटोरे गए आंकड़े टेलीविजन के कुल दर्शकों की संख्या के लिहाज से एक फीसदी भी नहीं होते हैं। चैनलों की मजबूरी ये है,कि उन्हें विज्ञापन इसी टैम की रिपोर्ट के आधार पर हासिल होता है। इसलिए उन्हें TAMके खेल में शामिल होना ही पड़ता है। मौजूदा समय में टेलीविजन ऑडिएंस मेजरमेंट (TAM) के साथ ऑडिएंस मेजरमेंट एंड एनालिटिक लिमिटेड (aMap) नामक एजेंसी भी सर्वे का काम अंजाम दे रही है। हालांकि उसकी पकड़ कमजोर है, ऐसे में बाजार पर TAM का एकाधिकार है।देश में टीवी कार्यक्रमों की लोकप्रियता की जांच से संबंधित आंकड़ों का खेल दूरदर्शन ने शुरू किया था। जिसमें उसका दर्शक अनुसंधान विभाग(DART)सहयोगी था। बाद में प्राइवेट चैनलों के साथ मार्केट रिसर्च एजेंसी INTAM और TAM ने इंट्री ली। कुछ अरसा गुजरने के बाद INTAM और TAM के विलय के साथ ही मैदान में इस खेल का इकलौता खिलाड़ी TAM रह गया। अब चाहे आंकड़ों को लेकर लाख सवाल खड़े किए जाएं,लेकिन विज्ञापन का आधार होने की वजह से इसे नजरअंदाज करना चैनल चलाने वालों के लिए मुमकिन नहीं।

वफा











बज्म में अगयार(ग़ैर) की
पुरसिश(पूछ-ताछ) की रकीबों ने
जाम-ए-जहर पी ली
अंगबीं (मीठा पेय, शहद)तो नहीं पी है

निगाहों से तसकीन (तसल्ली) की
खामोश रकीबों ने
वफा की खता की थी
उल्फत की सजा दी है

दाद-ए-जफा(अन्याय की प्रशंसा) की
नसीहत दी रकीबों ने
दस्तूर जमाने का
सर-ए-रिश्ता-ए-वफा(वफ़ा के रिश्ते का अंत)ही है

Friday, February 18, 2011

जुनून-ए-शौक









जालिमों की दुनिया में
दीवानों का क्या काम
जुनून-ए-शौक*(प्रेम का पागलपन) ने                 
कर दिया बदनाम

तिशनगी-ए-शौक*(उत्साह की प्यास) में                      
मयखाना क्या गया
साकी की बंदगी*(पूजा) ने                            
दिया यक नया इल्जाम

नहीं तलाश थी
कजा*(किस्मत)में निशात*(खुशी) की                 
ख्वाबों-ख्यालों में था
फकत लज्जत-ए-अलम*( दुख का मजा)                         

जोश-ए-जुनूं में                          
नहीं तस्लीम*(मान लेने) की फितरत                     
मौज-ए-पायाब(उथले पानी की लहर) ने
परखा है कब अंजाम


Wednesday, February 9, 2011

तीन कविताएं














बचपन कितना अच्छा
ना डर खोने का
ना सोच पाने की
ना चिंता समाज की
ना समझ रिवाज की
ना दुख, ना सुख
बचपन कितना अच्छा
















जिंदगी पतंग की तरह
डोर से बंधी
जो टूट सकती है
एक झटके से
गुम हो सकती है
नीले अंबर में
उलझ सकती है
किसी शाख से
जिंदगी पतंग की तरह

















अल्लाह मस्जिद में
भगवान मंदिर में
दोनों खुश हैं
पंडित और मुल्ला
देते हैं निवाला
तुम्हारी झोपड़ी में
सिर्फ चूल्हा है
नहीं जलता
कई-कई दिन
बेबसी-बेचैनी
नहीं पसंद है
ना अल्लाह
ना भगवान को
ना मुल्ला
ना पंडित को
अल्लाह मस्जिद में
भगवान मंदिर में
दोनों खुश हैं



Friday, January 28, 2011

कातिलों के शहर में










थक गए थे कदम,थम गया सफर
कातिलों के शहर में आशियाना बना लिया

कब तक राह-ए-वफा पर आवारा फिरूं
बीमार जिंदगी की, कब तक दवा करूं
आह और अश्क को गले लगा लिया
कातिलों के शहर में आशियाना बना लिया

बेवफा नहीं है ,कातिलों का खंजर
बहकता नहीं कभी ,किसी का खून पीकर
खंजर की इस अदा ने दीवाना बना दिया
कातिलों के शहर में आशियाना बना लिया

करते हैं कत्ल जब भी, करते हैं मातमपुर्सी
बेदर्द कातिलों की हमदर्दी का ये आलम
काफिर नजर को उनका अंदाज भा गया
कातिलों के शहर में आशियाना बना लिया

थक गए थे कदम,थम गया सफर
कातिलों के शहर में आशियाना बना लिया

Wednesday, January 26, 2011

तिरंगा पर तनातनी

इस साल का गणतंत्र कहीं से भी दिल को सुकून देने वाला नहीं रहा है। यूं कहें, कि सवालों का सैलाब स्वाभिमान और देशप्रेम के साथ राष्ट्र के सम्मान को विनाशकारी बाढ़ सरीखा अपनी चपेट में ले चुका है। अनेकता में एकता की दुहाई पर सवाल, संस्कृतियों के मेल पर सवाल, अमन-चैन पर सवाल, सामने मौजूद हैं बस सवाल ही सवाल , अनगिनत सवाल। जरा सोचिए देश के हर हिस्से में झंडा फहराने की छूट है, तो घाटी में क्यों नहीं? लाल आतंक ने देश के कई हिस्सों में उथल-पुथल मचा रखा है। अब तो लाल चौक भी आतंक का पर्याय माना जा रहा है, और वो भी आधिकारिक तौर पर। केंद्र और जम्मू-कश्मीर की सरकार ने इस पर मुहर भी लगा दी है। भगवा ब्रिगेड की तिरंगा यात्रा का मकसद भले ही सियासी हो, लेकिन उसका जुड़ाव तिरंगे की अस्मिता से भी था । देश का हर नागरिक हर हिस्से में तिरंगा फहराने का संवैधानिक अधिकार रखता है, तो आखिर लाल चौक पर अलगाववादियों का सियासी फतवा असरदार क्यों रहा ?  प्रधानमंत्री और उमर अब्दुल्ला के मुताबिक लाल चौक पर झंडा फहराना कोरी राजनीति थी। उनको इससे घाटी में विधि व्यवस्था पर संकट मंडराता नजर आया। अलगाववादियों का दमखम उनको सुरक्षा इंतजामों पर भारी दिखता है। तो क्या कल ये अलगाववादी लाल किले की प्राचीर पर झंडात्तोलन को नाजायज करार देंगे, तो भी केंद्र सरकार का रुख ऐसा ही  होगा। अलगाववादी नेताओं के तार सीधे तौर पर पाकिस्तान से जुड़े हैं, ऐसे में साफ है, कि अमन-चैन को लेकर खास तौर पर फिक्रमंद केंद्र की सरकार आने वाले कल में कश्मीर मसले पर पाक के सामने नतमस्तक हो सकती है। रही बात भाजपा की एकता यात्रा, यानि तिरंगा अभियान की, तो निसंदेह इसके पीछे देशप्रेम की झलक कम और सियासी फायदा लेने की ख्वाहिश ज्यादा दिख रही है। लेकिन मुद्दा ये नहीं, कि उनकी मंशा क्या रही है?, मुद्दा ये है, कि राष्ट्र का सम्मान हर हाल में सर्वोपरि है। इस सम्मान को बचाने का विकल्प  भी सामने था, कि उस जगह झंडा मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला या केंद्र का कोई दूसरा सिपहसालार फहरा देता। इससे अलगाववादियों को भी एक संदेश मिल जाता, कि देश के सम्मान की कीमत पर उनके साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। सरकार का फर्ज है, कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक लोगों के दिल में संविधान के प्रति आस्था का भाव भरे। तिरंगा यात्रा को लेकर जिस तरह की नीति सरकार ने अपनाई है। उससे तो लगता है, कि जयहिंद कहने से पहले इसका ख्याल रखना होगा, कि कहीं इससे विधि व्यवस्था के लिए संकट तो पैदा नहीं हो रहा। भगवा ब्रिगेड की सियासत को दरकिनार कर इस मसले पर हर भारतीय को सोचना होगा। क्यों कि सवाल देश से जुड़ा है, सवाल राष्ट्र के सम्मान का है, सवाल आपका है ।

Saturday, January 22, 2011

मायानगरी

बॉलीवुड की रंगीन दुनिया भला किसे नहीं लुभाती। जहां होता है करोड़ों का वारा न्यारा। लेकिन उस दुनिया में रहने वाले हर शख्स की माली हालत अच्छी नहीं होती। शाहरुख, सलमान, आमिर की तरह हर कलाकार अमीरी का सुख नहीं पाता है। ए के हंगल जैसे कलाकार भी वहां रहते हैं, जिनके पास खुद का इलाज कराने के लिए भी पैसे नहीं । 95 साल के हंगल जिन्होंने करीब चार दशक बतौर कलाकार बॉलीवुड में काम किया है। जिनकी किरदार को आत्मसात कर लेने की क्षमता के आगे तमाम कलाकारों ने सिर झुकाया। हंगल को सम्मान तो मिला, लेकिन उतना पैसा नहीं, जिसके सहारे वो रिटायर होने के बाद सुकून भरी जिंदगी गुजार सकें। यकीनन ताज्जुब हो सकता है, लेकिन ये सौ फीसदी सच है। 75 साल के फोटोग्राफर बेटे विजय के साथ जिंदगी के बाकी बचे पल बेबस अंदाज में गुजार रहे हंगल की हालत देख कर आपकी आंखें नम हो सकती हैं। लेकिन भयावह ये है, कि करोड़ों रुपयों की बाजी लगाने वाली फिल्म इंडस्ट्री और कमाई करने वाले फिल्म स्टार्स ने अपने ही कुनबे के एक सम्मानित कलाकार को मुफलिसी के दौर में भुला दिया। कलाकार, निर्माता, निर्देशक के नामों की लंबी लिस्ट में महज एक या दो नाम ऐसे रहें, जिन्होंने बुरे वक्त में बड़े परदे के रहीम चाचा की सुध ली। वो तो भला हो इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का, जिसने कारोबारी कारगुजारियों के बीच मानवीय संवेदना का ख्याल भी जिंदा रखा है। एक चैनल ने हंगल की मुफलिसी की कहानी को सबके सामने रखा। फिर बारी-बारी से तमाम चैनलों पर हंगल की हालत से जुड़ी खबर नजर आने लगी। कुछ हद तक इसका फायदा भी हंगल साहब को मिला है। खबर का असर बॉलीवुड की कुछ हस्तियों पर हुआ है। अमिताभ और आमिर सरीखे लोग उनकी मदद के लिए आगे आए हैं। वहीं कई दूसरे लोगों ने भी पहल की है। बात किसी एक हंगल की नहीं। बात उस स्याह पहलू की है, जिस पर लोगों की नजर नहीं जाती। जिस फिल्म इंडस्ट्री में पैसों का अंबार है। उससे जुड़े लोग भी पैसों के अभाव में दम तोड़ सकते हैं। इस सच से रू-ब-रू होना कष्टदायक है। शायद इसीलिए फिल्म इंडस्ट्री को मायानगरी का नाम भी दिया गया है।

Wednesday, January 19, 2011

सूर्य

सूर्य को सौर मंडल का राजा माना जाता है। इस ऊर्जावान ग्रह के महत्व को अध्यात्म के साथ-साथ विज्ञान भी स्वीकार करता है। दुनिया की कई संस्कृतियों में सूर्य को अहम माना गया है। आइए जानते हैं अलग-अलग देशों में सूर्य का महत्व। सबसे पहले बात करते हैं, मिस्त्र की। इजिप्ट की भाषा में फरोह का मतलब सूर्य है। फरोह इजिप्‍ट के राजा को कहा जाता था। मिस्त्र में कई राजाओं ने अपने समय में जो सिक्के जारी किए, उनमें सूर्य की आकृति मौजूद थी। खूबसूरती के लिए मशहूर मिस्त्र की महारानी नेफरतीती और राजा फराओ अखनातेन ने अनेक देवताओं की जगह सूर्य की पूजा शुरू करा दी थी। ईरान में  सूर्य को मिथ्र कहा जाता है। ईरानी राजा मिथ्र दिवस भी मनाते थे। वे खुद को आर्य मिहिर कहते थे। वहां महिलाएं मिथ्र पर्व के मौके पर नाच कर खुशी का इजहार करती थी ।जापान को उगते सूर्य का देश कहा जाता है। जापान में सूर्य पर्व भी मनाया जाता है।  इस मौके पर सूर्या देवी की आरती की जाती है। जापानी खुद को सूर्य वंशी करार देते हैं। सूर्या देवी को यूनानी भाषा में अरोरा के नाम से जाना जाता है। पुराने दौर में वहां सूर्य देवता अपोलो की पूजा की जाती थी। अपोलो पर्व के मौके पर यूनान के तमाम इलाकों को फूलों से सजाया जाता था। यूनान के हेलियस देवता सूर्य ही हैं। संस्कृत भाषा में हेलियस का मतलब सूर्य ही होता है। यूनान के कई हिस्सों में आज भी शादी में सूर्य मंत्र पढ़ने की परंपरा है। अमेरिका की मेयान सभ्यता में भी सूर्य देव की उपासना की जाती थी। दुनियाभर के दार्शनिकों ने भी सूर्य के महत्व को स्वीकारा है। चीन के मशहूर फिलॉस्फर ली ने भी खगोल शास्त्र का मूल आधार सूर्य को ही माना है। भारत में भी सूर्य को देवता माना जाता है। वेदों ने जगत की आत्मा करार देते हुए कहा है, सूर्य आत्मा जगत्स्थुषश्च। ब्रह्म पुराण के मुताबिक सूर्य के 21 नामों वाले श्लोक के सहारे सूर्य की कृपा हासिल की जा सकती है। 
विकर्तनो विवस्वांश्च मार्तण्डो भाष्करो रवि:
लोक प्रशासक: श्री मांल्लोक चक्षुर्मुहेश्वर:
लोकसाक्षी त्रिलोकेश: कर्ता हर्ता तमिस्रहा 
तपनस्तापनश्चैव शुचि: सप्ताश्ववाहन:
गभस्तिहस्तो ब्रह्मा च सर्वदेवनमस्कृत:
एकविंशतिरित्येश स्तव इष्ट: सदा रवे:
इसे काया, धन और यश के लिहाज से बेहद फायदेमंद स्त्रोत माना गया है। सूर्योदय और सूर्यास्त के समय इसका उपयोग किया जा सकता है। 


Saturday, January 8, 2011

सुर्खियों से शुरुआत












सुर्खियों से शुरुआत
कुदरत का कहर जारी है
कहीं धरती उगल रही आग
कहीं बर्फबारी की दुश्वारी है।

जंगलों से निकल कर गजराज
बस्तियों में तबाही मचा रहे हैं
तेंदुआ भी हरियाली छोड़ कर
कंक्रीट के जंगलों में आ रहे हैं।

तपिश की तबाही
सर्दी का सितम भारी
बारिश से आई बाढ़
सूखे का संकट भी जारी।

तबाही का ये मंजर
कर रहा है इशारा
बदल जाओ दुनिया वालों
बदल जाएगा नजारा।

तुमने अपने हाथों ही तो
दिक्कतों का पौधा रोपा है
बबूल की खेती की है
कांटों की चुभन से रोता है।

कुदरत का मजाक उड़ाना
पड़ रहा भारी है
मौका है संभल जाओ
बेहतर करने की बारी है।

Friday, October 29, 2010

गजल

निगाहें कहीं और निशाना कहीं
इंसानी फितरत का है फसाना यही
उनकी मुस्कान पर ना जाना वो कातिल है
निकल ना जाए दिल जलाने का बहाना कहीं





घनघोर अंधेरा फैला है इस बस्ती में
चराग-ए-दिल जला कर ना भटक जाना कहीं
रश्क में अश्क तो आंखों से निकल आते हैं
कह ना देना उन्हें तुम दीवाना कहीं




दरिया और मौज का रिश्ता बड़ा पुराना है
समझ ना लेना इसे तूफान का आना कहीं
रात की बात क्या दिन में भी पाप पलते है
वो कह रहे थे है नया जमाना यही

लाल आतंक-2

गुजरते वक्त के साथ संतू का नाम नक्सलियों के लिए अनजाना नहीं रहा... एक मामूली कैडर से हार्डकोर कमांडर तक का सफर उसने बहुत जल्दी तय कर लिया... जिंदगी का एक ही मकसद सिर्फ और सिर्फ अन्याय के खिलाफ लड़ना... अब ये बात दीगर थी कि अन्याय की परिभाषा अपने लिहाज से गढ़ने की आदत सी बन गई थी... उसका नाम पुलिस और प्रशासन के लिए सरदर्द साबित होने लगा था... हर नक्सली घटना के पीछे संतू का नाम उछलता था... करीब तीस घटनाएं.... दर्जनों बम ब्लास्ट... सैकड़ों पुलिस वालों को मौत के घाट उतारने वाला आतंक और दहशत का दूसरा नाम संतू.... आज की रात भी वो एक ऑपरेशन को अंजाम देने निकला था... जंगलों के बीच से पुलिस का दस्ता गुजरने वाला था... जिसे चारों तरफ से घेर कर हमला करना था...

पूरी तैयारियों के साथ नक्सलियों का जत्था जंगलों में बिखर चुका था... सात सौ नक्सली इस ऑपरेशन में शामिल थे... जिनका कमांडर संतू था... उसका एक इशारा विध्वंस के लिए काफी था... लेकिन अब तक कामयाबी का मुंह देखने वाला संतू इस बार मात खा गया.... घेराबंदी तो की गई थी... लेकिन पुलिस की रणनीति ज्यादा बेहतर निकली.... पुलिसवालों ने दोहरी तैयारी कर रखी थी.... और जंगल से गुजरने वाले पुलिस के दल के पीछे दो टीमें और मौजूद थी.... पहले दल पर हमला होते ही दूसरे और तीसरे दल ने नक्सलियों को घेर लिया.... नक्सली चारों तरफ से घिर चुके थे... इस गोलीबारी में कमांडर संतू को गोली लग चुकी थी... उसकी आंखों के सामने अंधेरा घिर रहा था... मौत का सौदागर भी मौत की सर्द आहट सुन कर बैचेनी का शिकार था... वो मरना नहीं चाहता था.... अतीत का एक-एक पल उसकी आंखों के सामने से गुजर रहा था....

                            ... वो बिस्तर पर पड़ा था.... धुंधला सा नजारा उसके सामने था... सामने के बिस्तर पर मौजूद था खाकी वर्दी में लिपटा एक नौजवान....  और भी कई सुरक्षाकर्मी उनके बेड के इर्द-गिर्द टहल रहे थे.... पता नहीं कहां है वो.... लेकिन तभी किसी की आवाज कानों में पड़ी.... अरे इसे होश आ रहा है... और फिर कुछ लोग उसके करीब आ गए... उसे एहसास हुआ... शायद इंजेक्शन लगाया जा रहा था....

                                          उसे होश आ चुका था.... मीडिया वालों का जत्था उससे मुखातिब था..... पहला सवाल था... आपने कई पुलिस वालों का खून बहाया... आज जब एक पुलिस वाले ने खून देकर जान बचाई है.... क्या कहना चाहते हैं आप ...... संतू के पास कोई जवाब नहीं था... बस आंखों से निकलने वाला नीर और मौन... डॉक्टर ने तमाम लोगों को मना किया...  अभी सवाल नहीं करें....

                                                        सही मायनों में संतू को होश आ चुका था.... वो सोच रहा था... कितना गलत था वो.... एक पुलिस के दल ने उसके साथ नाइंसाफी की... जिसके बाद वो नक्सली बन बैठा... सैकड़ों पुलिसवालों को मौत के घाट उतार दिया...  ये भी तो आखिर पुलिसवाला ही था... जिसने मुठभेड़ में घायल होने के बाद उसे अस्पताल तक लाने का काम किया... अपना खून देकर उसको नई जिंदगी दी... आखिर वो चाहता तो उसे गोली मार सकता था....  संतू को मार कर उसे बड़ा इनाम मिल जाता.... लेकिन उसने ऐसा नहीं किया.... अब उसे खुद की सोच पर घिन आने लगी थी...  कितना गलत था वो.... बार-बार उसके जहन में एक ही सवाल उठता था... नाइंसाफी का बदला तो उसने लोगों को मौत के घाट उतार कर ले लिया... लेकिन क्या अब इस अहसान के बदले वो मारे गए किसी एक पुलिसवाले की जिंदगी वापस लौटा सकता है.... नहीं..............  मानवता का सबक उसे पहली बार मिला.... आज उसने फैसला कर लिया है.... कि अब उसे लाल आतंक के खिलाफ आवाज उठाने के लिए जाना जाएगा.....
                                         

Tuesday, October 26, 2010

कहानी : लाल आतंक

संतू की आंखों के सामने हर उस पल की तस्वीर थी.... सात साल पहले जिंदगी के वो खूबसूरत पल....  हर हाल में खुशहाल रहने वाला संतू.... अचानक एक दिन गांव में पुलिस का काफिला आता है... उस समय वो गांव के बाहर बगीचे में बैठा परिंदों की मस्ती निहार रहा होता है.... पुलिसवाले आकर उसे घेर लेते हैं... और फिर लेकर चल देते हैं... गांव की तलाशी के वक्त उसे साथ रखा जाता है... फिर थाने में शुरू होता है सवालों का सिलसिला... बताओ गांव में कितने लोग आते हैं... कब आते हैं... किसके यहां रुकते हैं... संतू हर सवाल के जवाब में सिर्फ इतना ही कह पाता है... कि उसे नहीं मालूम... हर ना के साथ उसका टेबल परेड होता है... अगले दिन कैमरे के सामने पुलिस के अधिकारी होते हैं... और उनके साथ होता है नक्सली संतू... सुर्खियां बनती है एक नक्सली को पुलिस ने धर दबोचा...

                                तीन साल तक जेल में रहने के बाद संतू गांव आता है.... एक बड़ा बदलाव आ चुका होता है उसमें.... हर पल चहकते रहने वाला नौजवान अब चुप्पी साधे रहता है.... लेकिन उसकी मुसीबत खत्म नहीं होती... असली मुसीबत तो अब शुरू होती है... दरअसल जेल से छूटने के बाद लगातार कुछ लोग उससे मिलने आते हैं... और उसके साथ हुई ज्यादती का बदला लेने की बात करते रहते हैं... बार-बार उसे कहा जाता है... कि कुछ समय निकाल कर वो उनके मुखिया से मिले...  रोजाना की ना एक दिन हां में बदल जाती है... और वो उनके साथ चल पड़ता है...  गांव में गुजारे गए उस आखिरी पल की याद आज भी उसके जहन में ताजा है...

                                          पहाड़ों से गुजरते हुए जंगलों के बीच सैकड़ों की तादाद में लोग मौजूद हैं... जश्न का माहौल.... लाल सलाम की गूंज...  हथियारों से लैस महिलाएं और पुरुष... सभी पुलिस की वर्दी में नजर आते हैं....  संतू से मुखातिब होता है एक शख्स... जो कहता है... कि आज वो आराम करे...  कल उसकी बातचीत मुखिया से कराई जाएगी...

                                           कैंप में उसके साथ तीन और लोग होते हैं... रात को उनकी बातचीत में वो भी शामिल होता है... कई सवाल जहन में मौजूद हैं... वो उनसे पूछता है... क्या हो रहा है यहां.... एक बंदा बताता है... माओ को याद किया जा रहा है... अब बड़ा सवाल है.. कि माओ कौन है.... जवाब मिलता है... गरीबों को हक दिलाने के लिए आंदोलन की राह दिखाने वाला शख्स.... जिसने हक को छिनना सिखाया... जिसने बताया... कि जुल्म सहने की जरूरत नहीं.... मुंहतोड़ जवाब देने का माद्दा रखो...  वो सुन भले ही रहा था... लेकिन उसकी खोपड़ी में ये सब कुछ समा नहीं रहा था... अगले दिन उसे मिलाया जाता है उस शख्स से जिसके लिए वो यहां तक पहुंचा था....  बुलंद आवाज में उसे समझाने की कोशिश की जाती है... कि जुल्म करना नहीं.... सहना भी एक अपराध है... भरोसा दिलाया जाता है... कि गरीबों का ये हथियारबंद जत्था उसके साथ है... उसके साथ हुई ज्यादती का बदला लिया जाएगा... और उसे इस काबिल बनाया जाएगा... कि वो भी सताए हुए इंसान का मददगार बन सके...

क्रमश:

                              

Friday, October 22, 2010

अजब सा फसाना

अजब सा फसाना है... इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का भी....  अमूमन जिस किसी से बात कीजिए हताशा और निराशा भरे अल्फाज ही परोसेगा... साथ ही एक बात जरूर बताएगा... भाई इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में करियर की खोज नहीं करना... नहीं तो जिंदगी तबाह हो जाएगी... बात इससे आगे बढ़ी... तो आपको सहज ही अहसास होगा... पूरा चैनल जैसे उस शख्स पर ही टिका है...  परेशानियों के बोझ तले दबा थका हारा इंसान, जो चैनल में नहीं रहता तो जैसे चैनल ही बंद हो जाता....  बात किसी एक शख्स की नहीं... ऐसे शख्स बहुतायत हर संस्थान में मौजूद हैं... जिनके मुताबिक वे सुबह से शाम तक तबाह रहते हैं... सारा काम खुद करते हैं.... बॉस उनसे ही सारी बात कहते हैं... वे चैन से सो भी नहीं पाते... सोते-जागते हर वक्त उन पर काम का ही जुनून सवार रहता है... और भी बहुत कुछ....  अब बातें सुन कर तो आपके जहन में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की बेहतर तस्वीर नहीं बन सकती... साथ ही आपको लगेगा... कि वाकई इस सेक्टर में काम करना आसान नहीं... और कहीं से बेहतर भी नहीं.... लेकिन सच ये नहीं... इससे अलग हट कर है... सच तो ये है... कि इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का सरोकार टीम वर्क से है... यहां अकेला चना भाड़ नहीं फोड़ सकता... पॉलिसी मेकर- पॉलिसी बनाएंगे... तो उसको अंजाम तक पहुंचाने के लिए एक लंबी टीम है... स्क्रीप्ट लिखने वाले से लेकर... एडिट करने वाले.... बुलेटिन बनाने वाले और फिर उसे ऑन एयर करने वाले तमाम लोगों का एक दल है... जिसमें किसी एक की मेहनत को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता...  हां ये बात जरूर है... कि कुछ बहुचर्चित चैनलों ने जिस तरह मंदी के दौर में छंटनी की... या फिर दुकानदारी करने के लिहाज से चैनलों की बाढ़ आई... और वक्त के साथ टांय-टांय फिस्स हो गए... उसने एक ब्लैक स्पॉट बना दिया है... लेकिन आज भी ऐसे कई संस्थान हैं... जहां बतौर कामगार आपको संतुष्टि हासिल होती है... अगर आप बेहतर सोच रखते हैं..... क्योंकि संतुष्टि का सीधा वास्ता आपकी सोच से है.... रही बात हाउस में होने वाले उतार-चढ़ाव की.... तो क्या आपके घर और निजी जिंदगी में उतार चढ़ाव नहीं आता... क्या आपको घर के मुखिया से कभी कोई शिकायत नहीं होती... जिस तरह से निजी जिंदगी की गाड़ी पटरी पर चलती है... ठीक वैसे ही आपको काम के दौरान भी उतार-चढ़ाव झेलना पड़ता है... इसे सहज ही स्वीकारना पड़ेगा...  इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से दाल-रोटी चलाने के बावजूद शिकायतों का पुलिंदा लेकर बैठे लोगों को चाहे तो आप साइको कहें... या फिर बेहद चालाक.... साइको इसलिए... कि बेहतर जानकार और जहीन होने का दावा करते हैं... साथ ही शोषण की भी बात करते हैं... इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के मौजूदा स्वरूप से दुखी भी हैं.... लेकिन फिर भी बतौर कामगार जुड़े रहते हैं....  ऐसे में उन लोगों को दिमागी बीमार नहीं तो और क्या कहेंगे... नहीं तो वे बेहद चालाक हैं... और हाउस से लेकर बाहर तक बातों को इस तरह परोसने के पीछे खुद की मार्केटिंग का मकसद हो सकता है... जिससे सभी को अहसास हो... कि उनसे बेहतर कामगार संस्थान में नहीं.....

Thursday, October 21, 2010

खबर खास नहीं रही



1-दिल्ली के abc चैनल में छंटनी....          
2- d news ने 17 पत्रकारों को बाहर किया...
                                                                   अब इस तरह की खबर खास नहीं रही... सरसरी निगाह से देखने के बाद दूसरों से इस मसले पर थोड़ी सी चर्चा होती है... और बात खत्म.....  ठीक उसी तरह जैसे पत्रकारिता के पेशे से संवेदनशीलता गायब हो गई है...  ट्रेन से गिर कर किसी की मौत की खबर हो... या हत्या... या फिर बलात्कार.. या अपहरण की.... न्यूज रूम में मशीनी अंदाज में उसका ट्रीटमेंट दिया जाता है... खबर स्क्रीन पर दिखती है... और बात खत्म.....  इधर पत्रकार कहे जाने वाले लोगों ने भी खुद को मानसिक रूप से तैयार कर लिया है... काम कर रहे हैं... निकाल दिए गए..  तो अगली नौकरी की तलाश शुरू कर देंगे... सच भी है... मशहूर शायर ने कहा है... कि दर्द का हद से गुजरना भी दवा है... कुछ ऐसी ही हालत इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की भी है.... जानकारों के मुताबिक सुनहरे ख्वाबों के साथ इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़ने की ख्वाहिश रखने वाले कुछ चीजों का ख्याल रखें... तो उन्हें कम से कम मानसिक रूप से प्रताड़ित नहीं होना पड़ेगा.... सबसे पहले तो जिस संस्थान में नौकरी कर रहे हैं... उसके मैनेजमेंट की पॉलिसी का ख्याल रखें... दूसरी प्राथमिकता टीम लीडर के साथ बेहतर रिश्तों की है...  इस हद तक कि... तुम दिन को कहो रात तो हम रात कहेंगे... और तीसरी प्राथमिकता है... खुद की बेहतर मार्केटिंग जरूर करें... इन तीनों में से किसी एक पहलू को नजरअंदाज किया... तो बस पत्ता कटते देर नहीं लगेगी....  दौर बदल चुका है... सिर्फ और सिर्फ जानकारी या हार्डवर्क कामयाबी की गारंटी नहीं ...  यूं भी मीडिया के बाजारीकरण के बाद तौर तरीके बदलने लाजिमी है...  आने वाले दिनों में पत्रकारिता का कोर्स करने वाले अगर मीडिया मैनेजमेंट में स्पेशलाइजेशन लेकर करियर शुरू करें... तो करियर के लिहाज से ज्यादा फायदेमंद होगा....  इस तरह भी कंटेंट इज द किंग का दौर गुजर चुका है.... एडिटोरियल के हाथ में अधिकार ही नहीं रहे... और एडिटर शब्द के मायने बदल चुके हैं...